181. ऑस्ट्रेलिया को पछाड़कर 2030 तक सिंगापुर बनेगा एशिया की करोड़पति राजधानी

Economy & Business
HSBC बैंक ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा है कि फाइनेंशियल हब को लेकर उम्मीद की जा रही है कि ये एशिया पैसिफिक में लिस्ट में टॉप पर होगा। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया, हॉन्ग कॉन्ग और ताईवान का नंबर होगा। HSBC Holdings Plc. की रिपोर्ट के अनुसार, साल 2030 तक सिंगापुर एशिया में सबसे ज्यादा करोड़पतियों की वयस्क आबादी के साथ ऑस्ट्रेलिया से आगे निकल जाएगा। साल 2021 में ये सर्वोच्च रैंक ऑस्ट्रेलिया के पास था, जबकि सिंगापुर दूसरे नंबर पर था।

182. 1,000 करोड़ रुपये के 'फ्री गिफ्ट' लेकर Dolo-650 लिख रहे थे डॉक्टर: CBDT

Economy & Business
केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने पैरासिटामोल दवा Dolo-650 बनाने वाली फार्मा कंपनी पर दवा लिखने के लिए डॉक्टरों को 1,000 करोड़ रुपये के 'मुफ्त उपहार' देने का आरोप लगाया है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने इस पर केंद्र सरकार से जवाब मांगा है। फेडरेशन ऑफ मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने SC में याचिका दायर की थी। याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ वकील संजय पारिख ने जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़ की अगुवाई वाली बेंच को बताया कि 500 मिलीग्राम तक के किसी भी टैबलेट का बाजार मूल्य सरकार द्वारा नियंत्रित होता है। इसमें डोलो 500 मिलीग्राम तक के टैबलेट भी आते हैं। लेकिन 500 मिलीग्राम से ऊपर की दवा की कीमत निर्माता कंपनी खुद तय कर सकती है। ऐसे में डोलो 650 मिलीग्राम टैबलेट के लिए डॉक्टरों को 'मुफ्त उपहार' दिए गए और मुनाफा कमाया गया।

183. सिर्फ 3 साल में 7 करोड़ ग्रामीण घरों में पहुंचा नल का पानीः पीएम मोदी

Economy & Business
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ऐलान किया कि देश ने 10 करोड़ घरों में नल से पानी पहुंचाने का लक्ष्य हासिल कर लिया है। हर घर जल उत्सव कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि अमृत काल की इससे अच्छी शुरुआत नहीं हो सकती है। उन्होंने कहा कि सिर्फ 3 साल में 7 करोड़ ग्रामीण परिवारों को नल के पानी से जोड़ा गया, जबकि सात दशकों में सिर्फ 3 करोड़ घर ही इससे जुड़े सके थे। गोवा में सभी ग्रामीण परिवार नल के पानी से जुड़ गए हैं। गोवा की इस उपलब्धि के मद्देनजर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। केंद्र शासित प्रदेश दमन और दीव व दादरा नगर हवेली ने भी यह कीर्तिमान हासिल किया है।

184. थाईलैंड के मुख्य एयरपोर्ट पर वन्य जीव तस्करी के आरोप में भारतीय गिरफ्तार

Economy & Business
थाईलैंड के मुख्य एयरपोर्ट पर वन्य जीवों की तस्करी के प्रयास में एक भारतीय को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से व्हाइट डेजर्ट फॉक्स, रैकून सहित अन्य जीवित वन्य जीव मिले, जिन्हें उसने एक प्लास्टिक की बास्केट में सामान के नीचे छिपाया था। एक अधिकारी ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में भारत से वन्य जीव तस्करी के मामले बढ़े हैं. हम इस पर नजर रख रहे थे। यह चौथा मामला है, जिसमें तस्कर भारतीय था। दरअसल, वन्य जीव तस्करी के लिए थाईलैंड एक केंद्र बन गया है, जहां से अक्सर ये जानवर चीन और वियतनाम को बेचे जाते हैं।

185. उत्तर कोरिया ने ठुकराया दक्षिण कोरिया का आर्थिक सहायता का प्रस्ताव

Economy & Business
आर्थिक संकट के बावजूद उत्तर कोरिया अपनी सैन्य और परमाणु शक्ति में वृद्धि करता जा रहा है। दक्षिण कोरिया ने आर्थिक सहायता का प्रस्ताव दिया और साथ ही परमाणु निरस्त्रीकरण की बात की, जिसे उत्तर कोरिया ने सिरे से खारिज कर दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग का कहना है कि उनका देश, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक येओल के परमाणु निरस्त्रीकरण कदमों के बदले आर्थिक लाभ के मूर्खतापूर्ण प्रस्ताव को कभी स्वीकार नहीं करेगा। KCNA की रिपोर्ट में कहा गया है, किम यो जोंग ने इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया और दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति पर व्यक्तिगत हमले भी किए।

186. प्रिंस विलियम का फाउंडेशन जीवाश्म ईंधन के सबसे बड़े समर्थकों में से एक बैंक में करता है निवेश

Economy & Business
प्रिंस विलियम का रॉयल फाउंडेशन ऐसे बैंक में निवेश करता है, जो दुनिया में जीवाश्म ईंधन के सबसे बड़े समर्थकों में से एक है। साथ ही यह अपने आधे से ज्यादा निवेश को ऐसे फंड में रखता है, जिसके बड़ी खाद्य कंपनियों में शेयर हैं और वो वनों की कटाई से जुड़ी कंपनियों से पाम ऑयल खरीदता है। जबकि प्रिंस विलियम पर्यावरण संरक्षण की बात करते हैं। रॉयल फाउंडेशन ने 2021 में जेपी मॉर्गन चेस में 1.3 मिलियन डॉलर से अधिक राशि रखी और वह अब भी यहां निवेश करता है। फाउंडेशन ने ब्रिटिश फर्म Cazenove Capital Management की ओर से चलाए जा रहे फंड में भी 2 मिलियन डॉलर रखे। हालांकि, रॉयल फाउंडेशन ने ईमेल के जरिए कहा कि वह 2015 से नैतिक निवेश पर चर्च ऑफ इंग्लैंड के दिशानिर्देशों का पालन करता आ रहा है।

187. मथुरा: बांके बिहारी मंदिर में हादसा, भीड़ में दबकर 2 की मौत

Economy & Business
जन्माष्टमी के अवसर पर बांके बिहारी मंदिर में शनिवार को मंगल आरती के दौरान भगदड़ मच गई, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई और 6 के करीब घायल हुए। मथुरा पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान निर्मला देवी और राम प्रसाद विश्वकर्मा के रूप में की गई है। पुलिस का कहना है कि भीड़ बढ़ने के कारण यह हादसा हुआ है। इस घटना को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख व्यक्त किया और इस संबंध में आवश्यक निर्देश भी जारी किए हैं।

188. LAC के पास के गांवों में सुविधाएं मुहैया कराएगा भारत, ताकि चीन पर नजर रखी जा सके

Economy & Business
भारत LAC के पास के गांवों में सुविधाएं पहुंचाने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करेगा, ताकि रोजगार और बेहतर जीवन की तलाश में इन गांवों को छोड़ चुके लोग रिवर्स पलायन करें। 2020 में गलवान घाटी में हुई घटना के बाद चीन बॉर्डर एरिया पर मॉडल विलेज तैयार कर रहा है। इसको ध्यान में रखते हुए भारत भी अब महत्वपूर्ण कदम उठाने की तैयारी में है। दरअसल, LAC के पास 500 'भुतहा गांव' हैं। यहां कोई नहीं रहता है या सीमित संपर्क के साथ बिखरी हुई आबादी है। बॉर्डर एरिया के ग्रामीण सेना या भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के बाद सेकेंड लाइन ऑफ डिफेंस हैं। ऐसे में इनके रिवर्स पलायन पर जोर देने की तैयारी है। इससे चीन की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी।

189. चीनी दबाव को दरकिनार कर, ताइवान के राष्ट्रपति करेंगे जापानी नेताओं का स्वागत

Economy & Business
चीन की तमाम धमकियों और दबाव को दरकिनार करते हुए ताइवान जापानी नेताओं का स्वागत करने को तैयार है। अमेरिकी स्पीकर नैन्सी पेलोसी की यात्रा को लेकर भी ताइवान ने यही रूख अपनाया था। जापानी नेता Furuya Keiji और Kihara Minoru अपने इस दौरे पर राष्ट्रपति Tsai Ing-wen से मुलाकात करेंगे। ताइवान न्यूज के अनुसार, विदेश मंत्रालय ने जापान-ROC डाइट सदस्यों की सलाहकार परिषद के अध्यक्ष Furuya Keiji और परिषद के महासचिव Kihara Minoru की आगामी ताइवान यात्रा का स्वागत किया है। लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के दोनों राजनेता 22 से 24 अगस्त तक ताइवान में रहेंगे।

190. रूस की गिरफ्त में आया ISIS का आतंकी, भारत में हमले की कर रहा था साजिश

Economy & Business
रूस की सुरक्षा एजेंसी ने ISIS से जुड़े एक आतंकी को गिरफ्तार किया है। यह आतंकी बड़े हमले को अंजाम देने के लिए रूस से भारत आने वाला था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हमला देश के एक बड़े नेता पर होना था। रूसी सिक्योरिटी सर्विसेज ने इस आतंकी को पकड़ा है। इस आतंकी ने तुर्की में आतंक की ट्रेनिंग ली है और वह ताजिकिस्तान का रहने वाला है। भारत में उसके निशाने पर जो नेता थे, उन पर कथित तौर पर पैगंबर मुहम्मद का अपमान करने का आरोप है।

Total Current Affairs: 268