41. लखीमपुर खीरी में किसानों का 72 घंटे लंबा प्रदर्शन शुरू, ये हैं प्रमुख मांगें

Defense & Military Affairs
संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले गुरुवार को उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में किसान 72 घंटे लंबा विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के लिए जुटे किसान लखीमपुर खीरी कांड में 'न्याय' की मांग कर रहे हैं। उनकी मांग है कि केंद्र में मंत्री अजय मिश्रा को मंत्रिमंडल से हटाया जाए, क्योंकि पिछले साल हुए लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में उनका बेटा आशीष मिश्रा जेल में बंद है। इसके अलावा किसानों की मांग है कि किसान आंदोलन के दौरान दर्ज किए गए मामले वापस लिए जाएं। आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले किसानों के परिवारों को मुआवजा दिया जाए। साथ ही मिनिमम सपोर्ट प्राइस (MSP) की गारंटी दी जाए।

42. सितंबर के बाद श्रीलंका में महंगाई होगी कम, लेकिन अर्थव्यवस्था में आएगी बड़ी गिरावट

Defense & Military Affairs
आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका के केंद्रीय बैंक के गवर्नर नंदलाल वीरसिंघे ने कहा कि इस साल देश की अर्थव्यवस्था में 8 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की जाएगी, लेकिन जल्द ही लोगों को तेजी से बढ़ती महंगाई से कुछ राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सितंबर में महंगाई 65 प्रतिशत पर पहुंच जाएगी। इसके बाद कम मांग और आपूर्ति में सुधार के बाद धीरे-धीरे हालात सुधरेंगे। बकौल वीरसिंघे, अब हम पेट्रोल, डीजल और दवाओं का आयात कर पा रहे हैं। श्रीलंका अप्रैल में 51 बिलियन डॉलर का विदेशी कर्ज नहीं दे पाया था। वह अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से भोजन, ईंधन और दवाओं के लिए आर्थिक मदद की मांग कर रहा है।

43. WHO ने कहा, '100% प्रभावी नहीं' मंकीपॉक्स की वैक्सीन, संक्रमण से बचना ज्यादा जरूरी

Defense & Military Affairs
WHO ने कहा है कि वैक्सीन मंकीपॉक्स के खिलाफ 100 फीसदी प्रभावी नहीं है इसलिए लोगों को संक्रमण के खतरे को कम करना चाहिए। जिससे वो इस वायरस की चपेट में न आएं। WHO की तकनीकी प्रमुख Rosamund Lewis ने कहा कि अब तक दुनिया भर के 92 से ज्यादा देशों से मंकीपॉक्स के 35000 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। वहीं, इस बीमारी से 12 लोगों की मौत हुई है। Rosamund Lewis ने कहा कि अभी जो वैक्सीन्स उपलब्ध हैं, बीमारी की रोकथाम के लिए WHO उनके 100 फीसदी प्रभावी होने की उम्मीद नहीं कर रहा।

44. जम्मू-कश्मीर में गैर स्थानीय लोगों को मिला वोट देने का अधिकार, अगले साल हो सकते हैं चुनाव

Defense & Military Affairs
जम्मू-कश्मीर में गैर स्थानीय लोगों को भी वोट देने का अधिकार दे दिया गया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि बाहरी लोगों को भी मताधिकार मिलने से करीब 25 लाख नए मतदाता बनेंगे। वहीं, जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती और उमर अब्दुल्ला ने इस फैसले की आलोचना की है और इसे खतरनाक प्रयास बताया है। जम्मू-कश्मीर में अगले साल चुनाव हो सकते हैं। केंद्र सरकार की ओर से अनुच्छेद 370 को समाप्त करने के बाद से जम्मू-कश्मीर में अब तक चुनाव नहीं हुए हैं। वहां अब मतदाता सूचियों में संशोधन की प्रक्रिया शुरू होगी।

45. दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर CBI का छापा

Defense & Military Affairs
CBI अधिकारियों की ओर से कहा गया है कि आबकारी नीति मामले में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास सहित दिल्ली-एनसीआर में 21 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि जिस दिन अमेरिका के सबसे बड़े अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स के फ्रंट पेज पर दिल्ली शिक्षा मॉडल की तारीफ और मनीष सिसोदिया की तस्वीर छपी, उसी दिन उपमुख्यमंत्री के घर केंद्र ने CBI भेजी, सीबीआई का स्वागत है। मनीष सिसोदिया ने ट्वीट किया, 'सीबीआई आई है। उनका स्वागत है। हम कट्टर ईमानदार हैं। लाखों बच्चों का भविष्य बना रहे हैं। हमारे देश में जो अच्छा काम करता है, उसे इसी तरह परेशान किया जाता है।'

46. केरल में अडानी पोर्ट प्रोजेक्ट के खिलाफ मछुआरों का प्रदर्शन, पुलिस बैरिकेड तोड़े

Defense & Military Affairs
केरल के विझिंजम में अडानी पोर्ट प्रोजेक्ट के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए मछुआरों ने पुलिस बैरिकेड तोड़ दिया। मछुआरे पुनर्वास और स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य होने से सैकड़ों एकड़ तटीय जमीन बेकार हो जाएगी।

47. बाजार में गोल्ड की मांग में उछाल के चलते अप्रैल से जुलाई के बीच 6.4 प्रतिशत बढ़ा सोने का आयात

Defense & Military Affairs
अप्रैल से जुलाई के बीच भारत का सोने का आयात 6.4 प्रतिशत बढ़ा है। बाजार में बढ़ती मांग के चलते इस अवधि में 12.9 बिलियन डॉलर के सोने का आयात किया गया। हालांकि, जुलाई में सोने के आयात में भारी कमी आई। वाणिज्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, जुलाई में सोने का आयात 43.6 प्रतिशत गिरा। इस दौरान सोने का आयात 2.4 बिलियन डॉलर का रहा। चालू वित्त वर्ष के चार महीनों के दौरान सोने और तेल के आयात में वृद्धि ने भारत के व्यापार घाटे में रिकॉर्ड 30 बिलियन डॉलर का योगदान दिया, जो पिछले साल अप्रैल से जुलाई के बीच 10.63 बिलियन डॉलर का था। भारत, चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा सोने का उपभोक्ता है। ज्वैलरी उद्योग की मांग पूरी करने के लिए मुख्यतः सोने का आयात किया जाता है।

48. यूक्रेन को 800 मिलियन डॉलर की 'सैन्य सहायता' देने की तैयारी में अमेरिका

Defense & Military Affairs
रॉयटर्स के अनुसार, यूक्रेन को 'सैन्य सहायता' के रूप में अमेरिका 800 मिलियन डॉलर देगा। राष्ट्रपति जो बाइडेन यूक्रेन को दिए जाने वाले इस पैकेज पर हस्ताक्षर करने वाले हैं। रिपोर्ट के अनुसार, 'President Drawdown Authority' के तहत राष्ट्रपति अधिक मात्रा में हथियारों के ज़खीरे को हस्तांतरित कर सकते हैं। रिपब्लिकन Paul Gosar ने हाल ही में अमेरिका को 'कमजोर करने' और यूक्रेन में संघर्ष को बढ़ावा देने के लिए बाइडेन की आलोचना की थी। कई लोगों का मानना है कि अमेरिका में अभी घरेलू संकट पर ध्यान देने की ज्यादा जरूरत है।

49. भारत के साथ शांतिपूर्ण संबंध चाहते हैं पाक पीएम, पर कश्मीर राग अलापना नहीं भूले

Defense & Military Affairs
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने गुरुवार को कहा कि उनका देश भारत के साथ शांतिपूर्ण संबंध चाहता है। साथ ही उन्होंने कश्मीर राग भी अलापा। उन्होंने कश्मीर को लेकर कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों और कश्मीरियों की इच्छा के अनुसार इस विवाद का न्यायसंगत और शांतिपूर्ण समाधान निकालना आवश्यक है। उन्होंने विश्व समुदाय से इस संबंध में मददगार भूमिका अदा करने का आग्रह किया। दरअसल, पाक पीएम ने ये बातें पाकिस्तान में ऑस्ट्रेलिया के नए उच्चायुक्त नील हॉकिन्स के साथ बैठक के दौरान कहीं, जिन्होंने इस्लामाबाद में उनसे मुलाकात की थी।

50. न्यूयॉर्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ तोड़फोड़, दो सप्ताह में दूसरी बार हुई ऐसी घटना

Defense & Military Affairs
अमेरिका के न्यूयॉर्क में एक मंदिर के बाहर मौजूद महात्मा गांधी की प्रतिमा तोड़ दी गई। दो सप्ताह में गांधी प्रतिमा पर ये दूसरी बार हमला हुआ। 16 अगस्त की सुबह श्री तुलसी मंदिर के पास स्थित प्रतिमा को 6 लोगों ने हथौड़े से तोड़ दिया। इसके बाद प्रतिमा के चारों तरफ और सड़क पर नफरत भरे शब्द लिखे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी फरार हो गए। इससे पहले 3 अगस्त को भी इसी गांधी प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया था। न्यूयॉर्क में भारतीय दूतावास ने प्रतिमा तोड़े जाने की निंदा की। साथ ही जिन्होंने ये घृणित कार्य किया है, उन पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए यह मामला अमेरिकी अधिकारियों के समक्ष उठाया।

Total Current Affairs: 136